केदारनाथ : बाबा केदार की नगरी आज भक्ति और आस्था के रंग में डूबी नजर आई…जब श्री केदारनाथ धाम के कपाट विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami स्वयं धाम पहुंचे और पूजा-अर्चना में भाग लिया। कपाट खुलने के साथ ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।
छह महीने से इंतजार कर रहे बाबा केदार के भक्तों के लिए वह शुभ घड़ी आ गई जब उन्हें अपने आराध्य के दर्शन हुए। सुबह ठीक 8 बजे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं को खोले गए। इसके साथ ही पहले दिन बड़ी संख्या में भक्तों ने अखंड ज्योति के दर्शन करने का भी सौभाग्य प्राप्त किया।
धाम में पीएम मोदी के नाम पहली पूजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों मंदिर में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की जाएगी, जो विश्व कल्याण के लिए भगवान की पूजा करेंगे। केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के आगमन की सभी तैयारियां कर दी गई है। बदरी-केदार मंदिर समिति ने हर यात्री को बेहतर दर्शन के लिए हर संभव प्रयास किए हैं। साथ ही मंदिर में वीडियो, रील और अनावश्यक व्यवधान पैदा करने वाले लोगों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
पहले दिन गर्भ गृह में काफी भीड़
पहले दिन गर्भ गृह के अंदर काफी भीड़ को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। पर्याप्त बीकेटीसी कर्मचारी और पुलिस को व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। आस्था पथ में लाइन से यात्रियों को दर्शन करने लिए खड़ा किया जाएगा। सभी मंडप और गर्भ गृह में भी ज्यादा देर रुकने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी एवं बदरी-केदार मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ कपाट खुलने को लेकर सभी तैयारियां कर ली गई हैं। धाम पहुंचे हर यात्री को बेहतर दर्शन कराने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने तीर्थयात्रियों से धाम की मर्यादा, महत्व और अनुशासन को बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा कि मोबाइल से दूर रहकर यहां के आध्यात्मिक महत्व को समझने का प्रयास करें। बाबा सबकी मनोकानाएं पूर्ण करेंगे।